प्राइमरी स्कूल पावर हाउस का मामला, 36 छात्रों की सुरक्षा खतरे में
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने किया स्कूल का औचक निरीक्षण
बिल्डर को नोटिस देने के लिए निर्देश, उपायुक्त को करेंगे शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। एक बिल्डर द्वारा स्कूल की दीवार के साथ की गई मलबे की डंपिंग से शहर के पावर हाउस स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के भवन में दरारें आ गई हैं। इससे 36 छात्रों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। वहीं स्कूल भवन की पिछली दीवार मलबे में ही दब गई है। इससे पानी के पाइप भी टूट गए हैं। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक व डाइट के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार शर्मा ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया और इसकी पूरी जानकारी ली।
हैरानी की बात यह है कि पिछले एक वर्ष से यह स्थिति बनी हुई है। बच्चों का जीवन खतरे में पड़ा हुआ है लेकिन इस संबंध में विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि स्कूल प्रशासन व एमसीसी द्वारा जुलाई 2023 से लेकर अब तक बीईओ कार्यालय को पत्र भी लिखे, मगर कुछ नहीं हुआ। स्कूल भवन में तीन कमरे हैं।
डॉ. शिव कुमार के साथ इस दौरान उनके साथ खंड विकास कार्यालय के जेई भी थे। वे मौका देखकर हैरान रह गए है। स्कूल भवन के साथ बने फ्लैट का मलबा भवन की दीवार के साथ ही डंप कर दिया है। इससे भवन की दीवारों में सीलन आ गई और दीवारों में दरारें भी पड़ गई। उन्होंने स्कूल के प्रभारी से इसे लेकर जवाब भी मांगा। जिस पर स्कूल प्रभारी ने पत्राचार की बात की। उपनिदेशक ने मौके से ही बीईपीओ को फोन कर इस मामले में संबंधित बिल्डर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मलबे को हटाने से लेकर भवन को हुए नुकसान का पूरा हर्जाना वसूल करने को कहा। विभाग इसकी शिकायत उपायुक्त से भी करेगा।
उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक डॉ. शिवकुमार शर्मा ने बताया कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला पावर हाउस के भवन में दरारें पड़ गई। एक बिल्डर द्वारा स्कूल के भवन की दीवार के साथ मलबा डंप करने के कारण स्कूल के भवन को नुकसान पहुंचा है। पूरी दीवार मलबे में दब गई है। उन्होंने बीईपी को पत्र लिखकर संबंधित बिल्डर को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा है। नुकसान का हर्जाना भी व्यक्ति से ही वसूल किया जाएगा। वहीं उपायुक्त को भी इसकी शिकायत की जाएगी।