पेड़ की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएंगे छात्र, शिक्षा विभाग ने स्कूलों को जारी किए निर्देश
विद्यार्थियों को पौधों का भी रखना होगा ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को एक पेड़ मां के नाम अभियान से जोड़ने की पहल की है। इसके तहत सरकारी और निजी स्कूलों के सभी विद्यार्थियों को अपनी मां के सम्मान में एक-एक पौधा लगाना होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रमुखों को दिशा-निर्देश और एसओपी जारी कर दी है। पौधरोपण की पूरी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज की जाएगी। इसके लिए ईको क्लब मिशन लाइफ पोर्टल पर पौधे की प्रजाति, लगाने की तिथि, स्थान और माता का नाम अपलोड करना अनिवार्य होगा। विद्यार्थियों को पौधा लगाते समय की फोटो भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी देखभाल सुनिश्चित करना भी है। छात्रों को पौधों की सुरक्षा, खाद-पानी और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी निभानी होगी। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अमरीश शर्मा ने बताया कि इस अभियान से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी। वहीं, पोर्टल के माध्यम से अभियान की पारदर्शी तरीके से निगरानी की जा सकेगी।
कोट
सभी शिक्षण संस्थानों और स्कूल प्रमुखों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संस्था प्रमुखों को यह सुनिश्चित करना होगा कि हर एक विद्यार्थी इस मुहिम से सक्रिय रूप से जुड़े। यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बच्चों को लगाए गए पौधों की दीर्घकालिक सुरक्षा का भी पूरा जिम्मा उठाना होगा। पौधे लगाने के बाद इसकी रिपोर्ट भी अपलोड करनी होगी।
रीता गुप्ता, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा