नालागढ़ (सोलन)। नंड स्कूल के विद्यार्थियों को अब विज्ञान विषय पढ़ने के लिए रामशहर या मित्तियां नहीं जाना पड़ेगा। अगले शिक्षा सत्र से नंड में ही उन्हें मेडिकल और नॉन मेडिकल की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। स्कूल में 1.07 करोड़ रुपये की लागत से नए विज्ञान भवन का काम लगभग अंतिम चरण में है। तीन से चार माह के भीतर भवन बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा। स्कूल को वर्ष 1998 में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दर्जा मिला था। उसके बाद यहां केवल कला और वाणिज्य संकाय के विषय पढ़ाने की व्यवस्था थी। भवन के अभाव में विज्ञान की कक्षाएं शुरू नहीं की जा सकी थीं। तब से यहां पर विज्ञान खंड के भवन के लिए लोगों की ओर से मांग की जा रही थी। पिछले वर्ष इसके भवन के लिए फंड आया जिसके बाद इसका काम शुरू हुआ। वर्तमान में निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। संवाद
अब विज्ञान पढ़ने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा छात्रों को
नंड विद्यालय के प्रधानाचार्य रामप्यारा गौड़ ने कहा कि काफी समय से इस मामले को विभाग के समक्ष उठाया जा रहा था। विद्यार्थियों को विज्ञान की पढ़ाई के लिए दूरवर्ती क्षेत्र में जाना पड़ता था। यहां पर भवन के बनने से उनकी यह समस्या दूर हो गई है। उम्मीद है कि अगले सत्र से यहां पर विधिवत रूप से विज्ञान की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी
भीणी जोड़ी निवासी लेखराम धीमान का कहना है कि यहां पर विज्ञान की कक्षाएं शुरू होने से लोगों की लंबे अरसे से चली आ रही मांग पूरी होगी। बच्चे अपनी इच्छा अनुसार मेडिकल या नॉन मेडिकल की पढ़ाई भी कर सकेंगे।
बेटियां भी डॉक्टर और इंजीनियर बन सकेंगी
तलाओ निवासी नंदलाल परमार का कहना है कि जो माता-पिता अपनी बेटियों को विज्ञान की पढ़ाई के लिए दूरदराज भेजने से संकोच करते थे और न चाहते हुए भी उन्हें वाणिज्य या कला विषय पढ़ने पड़ते थे। अब उनकी बेटियां भी डॉक्टर या इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर सकेंगी।
साइंस ब्लाक में होंगे तीन प्रयोगशालाएं और तीन क्लास रूम
नालागढ़ लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि इस भवन का निर्माण 1.07 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस तीन मंजिला भवन में भूतल पर कक्षा के कमरे और रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाएं होंगी। प्रथम तल पर क्लास रूम के साथ भौतिक विज्ञान की प्रयोगशाला होगी। द्वितीय तल पर बायोलॉजी और आईटी की प्रयोगशाला रहेगी। हर तल पर शौचालय की व्यवस्था रहेगी। क्लास रूम की क्षमता 32 विद्यार्थी और प्रयोगशाला में 10 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कर नवंबर तक यह भवन शिक्षा विभाग को सौंप दिया जाएगा।