नुक्कड़ नाटक से कंडाघाट में नशे के प्रति जागरूक करते हुए। संवाद
तकनीकी कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित
डाइट सोलन और ज्ञान विज्ञान समिति के कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट(सोलन)। युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति जिला इकाई सोलन ने तकनीकी महिला कॉलेज कंडाघाट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में नशीली दवाओं के दुरुपयोग (ड्रग एब्यूज) पर डाइट सोलन के छात्रों द्वारा ज्ञान विज्ञान समिति के सहयोग से तैयार कला जत्था ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के जिलाध्यक्ष डॉ. बीएस पंवर, जयंत शर्मा, राज्य सह सचिव सीता राम ठाकुर तथा राज्य सचिव एवं हिमाचल फोरम अगेंस्ट ड्रग एब्यूज (एचएफएडीए) के संगठनात्मक सहयोगी सत्यवान पुंडीर विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, तहसील कल्याण अधिकारी करन पाठक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर सीता राम ठाकुर ने युवाओं से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा जीवन में विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी के महत्व पर प्रकाश डाला। सत्यवान पुंडीर ने नशीली दवाओं के बढ़ते खतरे पर चर्चा करते हुए इसके सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने नशे की रोकथाम में परिवार की अहम भूमिका पर जोर देते हुए समुदाय स्तर पर ‘मां अभियान’ के माध्यम से समाज को जागरूक होकर नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से नशे के प्रभाव, कारण और समाधान के व्यावहारिक पहलुओं को समझना आवश्यक है। कार्यक्रम के तहत कंडाघाट के चायल चौक पर नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया गया।