शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया शुभारंभ, 30 अक्तूबर तक चलेगी प्रतियोगिता
कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, कुराश और ठोडा के होंगे मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में राज्य स्तरीय अंडर-19 माइनर खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को ठोडो ग्राउंड में शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन ही कबड्डी में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। खेलों का विधिवत शुभारंभ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि किया।इस अवसर पर शिक्षा निदेशक आशीष कोहली और संयुक्त निदेशक डॉ. जगदीश नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। चार दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 12 जिलों के स्कूलों और सात स्पोर्ट्स होस्टल के 700 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मार्च पास्ट की सलामी के साथ प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इस दौरान कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, कुराश और ठोडा जैसी प्रतियोगिताएं 30 अक्तूबर तक चलेंगी। मुख्यातिथि रोहित ठाकुर ने कहा कि सभी प्रतिभागी खेल को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलें। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक और बौद्धिक विकास होता है, साथ ही त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने और खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इस मौके पर एसडीएम सोलन डॉ. पूनम बंसल, उच्च शिक्षा उपनिदेशक गोपाल चौहान, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मोहिंदर चंद पिरटा, महापौर ऊषा शर्मा, पूर्व महापौर पूनम ग्रोवर समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पुरस्कार राशि में की बढ़ोतरी
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि एशियाई खेलों व पैरा एशियाई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए इसे 50 लाख रुपये से बढ़ाकर चार करोड़ रुपये किया है। रजत पदक विजेताओं को 30 लाख रूपये के स्थान पर अब 2.50 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक के लिए 20 लाख रुपये से बढ़कार 1.50 करोड़ रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए डाइट मनी को 240 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, जिला स्तरीय खेल आयोजनों के लिए 300 रुपये और खंड स्तरीय आयोजनों के लिए 240 रुपये की है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करन पर दिए 20 हजार रुपये
कार्यक्रम के दौरान छात्र स्कूल और कन्या स्कूल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की और अपनी ऐच्छिक निधि से 20 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही राष्ट्रीय स्तरीय खेलों में अव्वल रहने वाले खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि को मुख्यमंत्री के साथ चर्चा कर बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।
सोलन में राज्य स्तरीय अंडर-़19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते मुख्यातिथि। स्रोत: आईप