11 से 14 तक कुपवी में छात्र और 16 से 19 अक्तूबर तक मंडी के सिद्धपुर में छात्राएं दिखाएंगी दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के सफल समापन के बाद मेजर और माइनर गेम्स की आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए 400 खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है। जिला सोलन के कोचों और चयन कमेटी ने प्रतियोगिताओं में बच्चों के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर अंतिम सूची तैयार की है।
चयनित खिलाड़ियों की सूची जिला खेल शारीरिक शिक्षा अधिकारी हेमराज को सौंप दी गई है। चयनित छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में सोलन जिला का प्रतिनिधित्व करते हुए दमखम दिखाएंगे। उपनिदेशक उच्च एवं प्रारंभिक शिक्षा की ओर से चयनित खिलाड़ियों व कोचों की सूची के साथ आधिकारिक आदेश संबंधित स्कूलों को भेज दिए गए हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन दो अलग-अलग स्थानों पर होगा। छात्र वर्ग के लिए शिमला जिला के कुपवी में 11 से 14 अक्तूबर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। छात्रा वर्ग में मंडी जिला के सिद्धपुर में 16 से 19 अक्टूबर तक प्रतियागिता होगी।
शिक्षा उपनिदेशक उच्च मधु जनारथा ने बताया कि शिक्षा व खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी स्कूल नेशनल गेम्स के लिए किया जाएगा।