कुल्हाड़ीवाला गांव के लोगों ने की कार्रवाई की मांग
एसपी विनोद धीमान ने थाना प्रभारी को दिए जांच के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। कुल्हाड़ीवाला गांव के लोगों ने एक युवक पर देवी-देवताओं को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रांतियां फैलाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसपी सोलन विनोद धीमान मिलकर शिकायत की।
ग्रामीण अजय कुमार, सुनील चौधरी, गुरदीप, दलेल सिंह, सोना देवी और देवो देवी समेत एक दर्जन से अधिक लोगों ने बताया कि कुल्हाड़ीवाला में पीर लखदाता मंदिर, काली माता भैरव बाबा और नवनाथों का सांझा दरबार है। इसके साथ ही गांव की कुल देवी माता नैना देवी का मंदिर भी है। गांव के भगत सेवादार 10 से 12 वर्षों से यहां सेवा कर रहे हैं। ग्रामीण व श्रद्धालुओं की पहल से दरबार का जीर्णोद्धार भी कराया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ही एक युवक निजी स्वार्थ के चलते लोगों को गलत जानकारी दे रहा है और दावा कर रहा है कि इस दरबार में धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। इसके अलावा, वह कई बार धार्मिक संगठनों को दरबार में लाकर माहौल खराब करने की कोशिश भी कर चुका है। हाल ही में युवक ने सोशल मीडिया पर दरबार को लेकर गलत पोस्ट डाली, जिससे ग्रामीणों को डर है कि भविष्य में दरबार में मौजूद भगत और संगत के साथ कोई अप्रिय घटना न घटे।
एसपी विनोद धीमान ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी और इस संबंध में बरोटीवाला थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए गए हैं।