कसौली के कंडा में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली (सोलन)। उपमंडल कसौली के कंडा में युवा किसान क्लब कंडा की ओर से कंडा स्कूल मैदान में क्रिकेट कप का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में सोलन के इंटक अध्यक्ष नेत्र सिंह अत्री और सोलन रोगी कल्याण समिति के सदस्य सुरेश बंसल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला छटेरा और धर्मपुर की टीमों के बीच खेला गया। छटेरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 110 रन बनाए, लेकिन धर्मपुर की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए लक्ष्य हासिल कर जीत अपने नाम की।
मुख्यातिथि नेत्र सिंह अत्री ने आयोजकों को प्रतियोगिता आयोजित करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के युवा आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। खेलों में भाग लेने से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि खिलाड़ी में अनुशासन और टीम भावना भी विकसित होती है।
आयोजक समिति के प्रधान चंद राम ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना और युवाओं को नशे से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में लगभग 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं। कार्यक्रम में आयोजक समिति के सदस्य हेमंत कुमार, यश ठाकुर, अशोक कुमार, सनी ठाकुर, हिमांशु ठाकुर, देवेंद्र ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, विशाल वर्मा और प्रमोद ठाकुर भी उपस्थित रहे।