नालागढ़ (सोलन)। नव वर्ष 2020 में नालागढ़ शहर मल निकासी से मुक्त होकर साफ-सुथरा नजर आएगा। नालागढ़ शहर की 20.99 करोड़ की लागत से निर्मित हो रही सीवरेज का ट्रायल शुरू हो गया है। 31 दिसंबर तक इसका कार्य मुकम्मल कर दिया जाएगा। पहली जनवरी से लोगों को इसके कनेक्शन मिलने शुरू हो जाएंगे।
कनेक्शन लेने के लिए लोगों को घरेलू दर के मुताबिक प्रति सीट 400 रुपये जबकि व्यवसायिक प्रति सीट के 800 रुपये अदा करने होंगे। लोगों से यह शुल्क एक बार ही लिया जाएगा। आईपीएच विभाग सीवरेज के शेष कार्य को इसी माह के अंत तक पूरा करना चाहती है। इसके लिए परिषद ने भी 25 दिसंबर तक घरों से सीवरेज के कनेक्शन डालने के लिए लोगों से आह्वान किया है। उसके बाद लोगों से परिषद गली की मरम्मत के लिए अलग से चार्जिज वसूल करेगी।
एक्सईएन आईपीएच नालागढ़ मंडल आरके खाबला ने कहा कि शहर में सीवरेज का ट्रायल शुरू कर दिया गया है और 31 दिसंबर तक ट्रायल का कार्य पूर्ण करके पहली जनवरी से कनेक्शन आबंटन का कार्य शुरू होगा, जिसके बाद सीवरेज का संचालन सुचारु रूप से शुरू होगा और शहर साफ सुथरा व मल निकासी से मुक्त नजर आएगा।
वर्ष 2045 की जनसंख्या के अनुरूप बनाई है सीवरेज
नालागढ़ शहर में सीवरेज योजना की नींव 16 अक्तूबर 2011 में रखी गई है। इसका कार्य वर्ष 2015 में शुरू हुआ लेकिन इसका कार्य ट्रीटमेंट प्लांट के अभाव में लटक गया क्योंकि ट्रीटमेंट प्लांट के लिए जमीन फाइनल नहीं हो सकी थी। आखिरकार 3.6 एमएलडी क्षमता की सीवरेज उपचार संयंत्र से समूचा शहर साफ-सुथरा नजर आएगा। वहीं उखड़ी सड़कें व गलियां भी चकाचक होंगी। वर्ष 2045 के अनुरूप 36239 लोगों की जनसंख्या को ध्यान में रखकर सीवरेज योजना पर कार्य किया जा रहा है।