मौजूदा समय में बैंक का एक शेयर 50 रुपये में दिया जा रहा है। इसमें इच्छुक आवेदक को 500 रुपये के शेयर खरीदना अनिवार्य है। शहर के कई कारोबारियों के साथ-साथ पुराने शेयर होल्डर भी आगे आए हैं। बैंक के करीब 11 हजार शेयर होल्डर हैं। यह भी नए शेयर खरीद सकते हैं। रिजर्व बैंक ने भी बघाट बैंक को शेयर बेचने को लेकर सुझाव दिया था, जिसके बाद बैंक ने यह निर्णय लिया है। इसमें बैंक प्रबंधक शहर के कारोबारियों से खुद भी मिल रहे हैं और उन्हें शेयर खरीदने के लिए बोल रहे हैं। मौजूदा समय में बैंक की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है। बैंक में कैपिंग लगे हुए करीब चार माह का समय बीत गया है। हालांकि, बैंक का एनपीए 138 करोड़ से घटकर 114 करोड़ तक पहुंच गया है, मगर कैपिंग हटाने के लिए अब आय होना भी जरूरी है। जबकि बैंक में धनराशि जमा नहीं हो रही है। ऐसे में अब बैंक प्रबंधक अगर शेयर बेचते हैं तो बैंक आय बढ़ेगी। इससे बैंक आसानी से कैपिंग हटा सकेगा।
बैंक ने अपने शेयर बेचने शुरू कर दिए हैं। दो दिन में 1.60 लाख रुपये के शेयर खरीदने के लिए लोग आगे आए हैं। हालांकि, अंतिम मंजूरी के लिए मामला आरबीआई को भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलते ही शेयर बेचना शुरू कर दिया जाएगा। इसमें कम से कम 500 रुपये के शेयर लेना अनिवार्य होगा। शेयर बेचने से बैंक काफी हद तक मौजूदा स्थिति से बाहर निकल जाएगा।- राज कुमार कश्यप, प्रबंध निदेशक बघाट बैंक