क्रस्ना लैब में भी पुरानी रिपोर्ट लेने में आई मरीजों को दिक्कतें
एक घंटे तक मरीजों को टेस्ट करवाने में झेलनी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मंगलवार को बिजली न होने से मरीजों और तीमारदारों समेत चिकित्सकों को परेशानी झेलनी पड़ी। करीब एक घंटे तक बिजली गुल होने से एक्सरे सहित सीटी स्कैन भी ठप रहा। पहले से लिए गए सीटी स्कैन की रिपोर्ट को तैयार करने में विशेषज्ञों को परेशानी झेलनी पड़ी। इसके अलावा क्रस्ना लैब में भी सभी टेस्ट बंद रहे। मरीजों को पहले दिए गए टेस्ट की रिपोर्ट लेने में दिक्कतें आईं। यहां भी मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंगलवार सुबह 11:10 से 12:15 बजे तक अस्पताल और साथ लगते क्षेत्र में बिजली कट रहा। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का दावा है कि उन्हें बिजली बोर्ड ने पहले इसकी सूचना दी थी। अस्पताल में जनरेटर की सुविधा होने के बावजूद यहां कई सुविधाएं बंद रहीं। गौर रहे कि जिला के सबसे बड़े क्षेत्रीय अस्पताल में स्टाफ की कमी है। ऐसे में अन्य कर्मचारियों को कई कार्य आवंटित किए हैं। जनरेटर चलाने का प्रशिक्षण भी चालकों को दिया गया है। वहीं, अस्पताल में जनरेटर की भी कमी खल रही है। अस्पताल में जितने जनरेटर हैं उससे केवल ओपीडी, वार्ड और ऑपरेशन थियेटर ही चल पाता है, जबकि अन्य सुविधाएं बंद हो जाती हैं।
बिजली का कट लगने के कारण अस्पताल में एक्सरे और सीटी स्कैन नहीं हो पाए। हालांकि, अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रखा गया। करीब एक घंटे में बिजली आ गई थी। उसके बाद सभी सुविधाएं शुरू कर दी गई।
- डॉ. एमपी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन