सोलन। भाजपा जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर दिनभर चली गहमागहमी के बाद संगठन ने सबको हैैरत में डालते हुए जिला संगठन की कमान के एक गुमनाम चेहरे को सौंप दी। भाजपा ने नालागढ़ के आशुतोष वैद्य को जिला अध्यक्ष चुना है। हालांकि, उनके नाम पर किसी भी स्तर पर चर्चा नहीं हो रही थी। जो बड़े नाम इस दौड़ में शामिल माने जा रहे थे, उन्हें बाहर का रास्ता देखना पड़ा। पूर्व अध्यक्ष केएल ठाकुर के बाद लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष की कमान नालागढ़ के हिस्से आई है।
बड़ी बात यह है कि युवा चेहरे को जिलाध्यक्ष बनाने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। हालांकि इस सर्वसम्मति के लिए भाजपा ने सोमवार का दिन तय किया था। उम्मीद जताई जा रही थी कि सुबह ही सर्किट हाउस में बैठक के बाद अध्यक्ष की ताजपोशी हो जाएगी। लेकिन नाम तय करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को काफी माथापच्ची करनी पड़ी और मीडिया से दूर रहकर अध्यक्ष पद के लिए गुपचुप बैठक का आयोजन किया गया। इसके बाद देर शाम अचानक भाजपा ने जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी।
भाजपा पर इस बार सोलन विधानसभा क्षेत्र से जिलाध्यक्ष चुनने का भारी दबाव था। संगठन की मर्जी के आगे दबाव बना रहे नेताओं की एक नहीं चली और आखिर में जिला के चुनाव प्रभारी सुख राम चौधरी ने आशुतोष वैद्य के नए भाजपा जिलाध्यक्ष बनने की जानकारी सार्वजनिक कर दी। उन्होंने बताया कि यह चुनाव सर्वसम्मति से हुआ है। आशुतोष वैद्य ने पार्टी के विभिन्न दायित्वों पर कार्य किया है। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और प्रदेश सचिव रह चुके हैं।
उन्होंने बताया कि उनका राजनीति में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। आशुतोष वैद्य सोलन भाजयुमो के जिलाध्यक्ष के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। उसके बाद वह प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष बने थे। आशुतोष वैद्य भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के वर्तमान सदस्य थे।
आशुतोष वैद्य ने कहा कि वह जिलाध्यक्ष के पद पर कार्यरत होकर सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे और पार्टी के सभी कार्यों को धरातल पर उतारेंगे। आने वाले समय में पार्टी को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।