पर्यटक स्थल चायल में रविवार शाम भारी बारिश के बाद बर्फबारी हुई। करोल का टिब्बा, धारों की धार, गलानग क्षेत्र और कुनिहार के ऊपरी क्षेत्र बाड़ीधार में भी बारिश के साथ बर्फ के फाहे गिरे। कसौली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है लेकिन वहां बर्फबारी नहीं हुई। इसके साथ ही सोलन, अर्की, परवाणू, बीबीएन में सुबह बारिश हुई लेकिन बाद में मौसम साफ हो गया।
बर्फ के कारण कंडाघाट-चायल-कुफरी मार्ग भी पूरी तरह से बंद हो गया। चायल में पानी की पाइपें जाम हो गई हैं। बिजली की आपूर्ति भी प्रभावित होनेे की सूचना है। एचआरटीसी के आधा दर्जन के करीब रूट प्रभावित हुए।
होटल एसोसिएशन चायल के सदस्य विशाल वर्मा ने बताया कि मौसम विभाग की भारी बर्फ की चेतावनी के चलते पर्यटकों ने होटल खाली कर दिए हैं। बारिश और बर्फबारी के चलते जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं वहीं आईपीएच, एचआरटीसी, पीडब्ल्यूडी और विद्युत बोर्ड के लिए मुश्किलें भी खड़ी हो रही हैं। हालांकि अभी तक जानमाल की नुकसान की कहीं से कोई खबर नहीं है लेकिन मौसम विभाग की भारी बर्फबारी की चेतावनी के बाद चायल घूमने आए पर्यटकों ने होटल खाली कर दिए।
सोलन शहर में बढ़ा तापमान
एक ओर जहां पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हुई है। वहीं सोलन शहर के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार तड़के सोलन का तापमान 5.4 दर्ज किया गया। रविवार तड़के यह तापमान 1.8 दर्ज किया था। वहीं दिन में बारिश के बाद हल्की हल्की धूप ने भी लोगों को राहत दी। इससे दिन का तापमान 16.8 रिकार्ड किया गया। सोमवार दोपहर तक 6.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। विवि के एग्रोमेटोरोलॉजी में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. परमिंद्र कौर बावेजा ने बताया कि 24 घंटे तक जिला के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी।
यह रूट रहे प्रभावित
बारिश के चलते एचआरटीसी के आधा दर्जन से अधिक रूट प्रभावित रहे। इसमें चायल क्षेत्र में बर्फ से चायल से शिमला जाने वाली बसें बंद रही। इसके अतिरिक्त लंबे रूटों में मानवा से सोलन, टौंडा-सोलन, थाना-सोलन-चंडीगढ तथा लोकल रूटों में राजगढ़ समेत कई स्थानों पर बसें बारिश के कारण निर्धारित समय से कुछ लेट पहुंचीं।
पेयजल सप्लाई भी बाधित
गिरि योजना में आ रही पेयजल किल्लत सोमवार को भी जारी रही। सोमवार को कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति बाधित रही। इसमें शहर के साथ आसपास के गांव भी शामिल हैं। बारिश से गिरि नदी में गाद और मिट्टी आने से भी पानी फिल्टर करने में काफी मुश्किलें आती हैं।
विभागों को किया अलर्ट : डीसी
डीसी डॉ. राकेश कंवर ने बताया कि अभी जिले के किसी भी हिस्से से नुकसान की खबर नहीं है। भारी बर्फबारी और बारिश को देखते हुए विद्युत बोर्ड, आईपीएच, नगर परिषद को सभी सेवाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी मुख्य सड़को में गिरी बर्फ को साफ किया जा रहा है।