जिले में धूमधाम से मनाया भाई दूज, बाजारों में रही भीड़
बहनों ने उपहार भी दिए, दिनभर की गई खरीदारी
चॉकलेट से लेकर ड्राईफ्रूट की हुई बिक्री
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बहनों ने भाई के माथे पर तिलक लगाने के लिए सुबह से ही उत्साह दिखाया। शुभ मुहूर्त पर बहनों ने भाइयों का तिलक किया और भगवान से उनके दीर्घायु और स्वस्थ रहने की कामना की। भाई दूज पर्व पर टीका का शुभ मुहूर्त सुबह 6:28 से 7:58 बजे तक और सुबह 10:42 से दोपहर 2:55 के बीच रहा। इसी अवधि में बहनों ने भाइयों को तिलक किया। इस मुहूर्त के अलावा भी कामकाज पर जाने वाले भाइयों ने अलग-अलग समय पर तिलक करवाया।
तिलक के बाद बहनों ने भाइयों को उपहार भी भेंट किए। धार्मिक रिवाज के अनुसार भाई दिवाली की मिठाई, खील-पताशे व अन्य उपहार लेकर बहन के घर जाते हैं। तिलक के बाद वे बहनों को मिठाई भेंट करते हैं।
भाई दूज पर बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। दिवाली के बाद भाई दूज पर व्यापार में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। भाई-बहनों ने चॉकलेट से लेकर ड्राइफ्रूट तक की जमकर खरीदारी की। इससे व्यापारियों के चेहरे पर खुशी झलकती रही। हालांकि, वीरवार को छुट्टी न होने के कारण सुबह बाजारों में काफी भीड़ रही। दोपहर बाद भीड़ में कमी आई, लेकिन शाम को फिर लोगों की चहलकदमी बढ़ गई। भाई दूज पर्व पर कपड़ों, आभूषणों और मिठाई की दुकानों में भी अच्छी भीड़ देखी गई।