हनुमान बड़ोग पंचायत के कोटला में हुई दो दिवसीय प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। हनुमान बड़ोग पंचायत के कोटला गांव में जागृति युवक मंडल की ओर से दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-17, अंडर-19 कबड्डी और ओपन वॉलीबाल के मुकाबले करवाए गए।
अंडर-17 कबड्डी में हरोली विजेता जबकि शीतला माता क्लब बिलासपुर उपविजेता रहा। अंडर-19 कबड्डी में हिम अकादमी बिलासपुर ने विजेता का खिताब जीता और बसला की टीम उपविजेता रही। वॉलीबाल में दाड़ला की टीम विजेता रही, जबकि स्थानीय धुंदन की टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नया सवेरा जनकल्याण समिति अर्की के अध्यक्ष अधिवक्ता भीम सिंह ठाकुर और विशेष अतिथि के रूप में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सतीश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और सम्मान राशि बांटी। भीम सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं को स्थानीय स्तर पर आयोजित ऐसी गतिविधियों में सहयोग देने के लिए धन्यवाद जताया। वहीं सतीश कुमार ने युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जागृति युवक मंडल के प्रधान रवि ठाकुर, पंचायत समिति के सदस्य मनोहर लाल, पंचायत सदस्य कृष्ण चंद्र ठाकुर, अशोक शर्मा, पंकज वर्मा, लकी कुमार, नरेश कुमार, राजेंद्र कुमार, अधिवक्ता रजत कुमार, योगेश सहगल, परसराम, पंकज, गीता राम ठाकुर, रमेश कुमार और रजत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।