कहा मेरे वार्ड में बना शेड, मेरी जगह लिख दिया उपमहापौर का नाम
महापौर बोली ठोडो मैदान सभी का, किसी के वार्ड का कोई मुद्दा नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ऐतिहासिक ठोडो मैदान में बने शूलिनी मंच के जीर्णोद्धार के उद्घाटन पट्टिका का विवाद सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। उद्घाटन पट्टिका पर जहां पहले मंत्री का नाम न होने का मुद्दा उठा था, वहीं अब वार्ड सात की पार्षद पूजा तंवर नाम न होने से नाराज हो गई हैं। पार्षद ने उद्घाटन कार्यक्रम से भी किनारा किया था। उन्होंने आरोप लगाया है कि पट्टिका पर वार्ड की पार्षद के बदले उप-महापौर राजीव कौड़ा का नाम लगा दिया गया। इस कारण वह शूलिनी मंच के उद्घाटन के लिए नहीं आई। पट्टिका पर नाम न होने से वह नाराज हैं।
गौर रहे कि शूलिनी मंच के अतिरिक्त शेड का उद्घाटन महापौर पूनम ग्रोवर ने किया जबकि इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री भी शहर में ही उपस्थित थे। बावजूद इसके मंत्री को नहीं बुलाया जाना शहर में चर्चा का विषय बना रहा। वहीं कुछ कांग्रेसिंयों ने ही आरोप लगाए की शेड निर्माण के लिए मंत्री ने अपने फंड से पैसा लगाया था। फिर भी उन्हें न तो बुलाया गया और न ही उनका नाम पट्टिका पर लगाया गया। वहीं अब वार्ड पार्षद ने भी इसका विरोध किया है।
वार्ड सात की पार्षद पूजा तंवर ने बताया कि ठोडो मैदान उनके वार्ड में पड़ता है। बावजूद इसके उनका नाम पट्टिका पर नहीं लगाया गया। जबकि उनके नाम के बदले उप-महापौर राजीव कौड़ा का नाम लगा दिया गया। यही कारण था कि वह मंच के उद्घाटन के समय वहां मौजूद नहीं थीं।
उधर, इस बारे में नगर निगम की महापौर पूनम ग्रोवर ने कहा कि शूलिनी मंच शेड ठोडो मैदान में बनाया गया है। उसमें किसी के वार्ड का कुछ नहीं है, मैदान सभी का है। पार्षद को सलाह है कि वह पहले पट्टिका को ध्यान से पढ़ें, उसमें समस्त पार्षद लिखा गया है।