रामशहर डिपो में युरिया खाद लेने के लिए लगी किसानों की कतारें। संवाद
20 से 25 पंचायतों के किसान सुबह से ही खाद के लिए लाइनों में डटे रहे
खाद कम होने से किसानों को एक आधार कार्ड पर दी गई सिर्फ एक ही बोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। रामशहर कृषि सेवा सहकारी समिति में सोमवार को यूरिया खाद की खेप पहुंच। खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र में खाद की भारी किल्लत के बीच सुबह से ही डिपो पर लंबी कतारें लग गईं।
बढ़ती मांग के कारण दोपहर लगभग 3:30 बजे तक डिपो में आई 400 बोरी यूरिया का भंडार पूरी तरह समाप्त हो गया। रामशहर और आसपास की करीब 20 से 25 पंचायतों के किसान खाद की उपलब्धता की सूचना मिलते ही एकत्रित हो गए थे। बारिश और खराब मौसम के बावजूद किसान अपनी फसलों के लिए यूरिया हासिल करने में जुटे रहे। रामशहर कृषि सेवा सहकारी समिति के सहायक सचिव मनोहर सिंह ने बताया कि 400 बोरी यूरिया पारदर्शी तरीके से वितरित की गई। किसानों की भारी मांग और सीमित भंडार को देखते हुए प्रति किसान केवल एक बोरी यूरिया उपलब्ध कराई गई। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में खाद की मांग लगातार बनी हुई है। समिति ने विभाग को 1,200 बोरी यूरिया का अतिरिक्त आदेश भेजा है।
वहीं रामशहर के वार्ड पंच रामदयाल ने बताया कि क्षेत्र के किसानों को करीब 15 दिन के लंबे इंतजार के बाद यूरिया खाद उपलब्ध हो पाई है। लंबे समय से चल रही खाद की कमी के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में एक किसान को केवल एक बोरी मिल पा रही है। जबकि कई किसानों को अपनी फसलों के लिए इससे कहीं अधिक मात्रा में यूरिया की जरूरत है।
वार्ड पंच और स्थानीय किसानों ने प्रशासन व सरकार से अपील की है। उन्होंने रामशहर में जल्द-से-जल्द पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। यह खेती-बाड़ी के इस प्रमुख मौसम को देखते हुए आवश्यक है। इससे किसानों की मेहनत और फसल प्रभावित नहीं होगी।