भारतीय रिजर्व बैंक 12 जनवरी को बद्दी के एमजी रिजेंसी परिसर में एमएसएमई उद्योगों के विकास के लिए एक जागरूकता शिविर का आयोजन कर रहा है। लघु उद्योग भारती के सहयोग से आयोजित इस शिविर में उद्यमियों की बैंकिग सेक्टर से संबंधित समस्याओं को सुना जाएगा।
लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष राजीव कंसल, सचिव अनिल मलिक व वित्त सचिव चेतन स्वरूप ने बताया कि इस शिविर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकिग सेक्टर के डीजीएम स्तर के अधिकारी व प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास संस्थान सोलन के प्रांतीय निदेशक उपस्थित रहेंगे।
शिविर में बैंकिग सेक्टर की संबंधित तमाम समस्याओं व शंकाओं का निराकरण रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया शिमला के क्षेत्रीय निदेशक आईएस नेगी करेंगे। इसके अलावा सहायक महाप्रबंधक आरबीआई रवि रावल भी उद्यमियों को विभागीय जानकारी देंगे। शिविर में उपस्थित रहने वाले तमाम उद्यमियों को भारत सरकार के रिजर्व बैंक की नीतियों व योजनाओं से भी अवगत कराया जाएगा। राजीव कंसल ने आगे बताया शिविर में उद्यमियों में बैंकों से ऋण मिलने में आनी वाली दिक्कतों व ब्याज दरों को लेकर भी मंथन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के ज्यादा से ज्यादा उद्यमियों से इस महत्वपूर्ण सेमीनार में भाग लेने का आह्वान किया है।