संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला एनएच पर एचआरटीसी बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना चंबाघाट के समीप हुई जिसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एचआरटीसी बस चालक की लापरवाही सामने आई है।
जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर करीब पौने दो बजे शिमला से सोलन की तरफ आ रही बस जब चंबाघाट के समीप बैर गांव पहुंची तो इस बीच एक स्कूटी बस की चपेट में आ गई।
इससे स्कूटी चालक व्यक्ति बस के पिछले टायर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। मौके पर 108 एंबुलेंस भी पहुंची लेकिन तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान भूपराम पुत्र हरी राम निवासी गांव समाणा पारनू अर्की के रूप में हुई है।
एएसपी सोलन अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।