पोर्टल ओपन, 30 तक का समय, सरकारी और निजी स्कूलों को अपलोड करना होगा डेटा
जिला शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधकों को जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शिक्षा विभाग ने जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों का ब्योरा यूडाइस पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए वेब पोर्टल को खोल दिया गया है। विभाग ने सभी स्कूल प्रमुखों व प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे आगामी 30 नवंबर तक हर हाल में अपने स्टाफ का पूरा डेटा पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा न करने वाले विद्यालयों पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
खंड शिक्षा अधिकारी एचआर चंदेल ने बताया कि यूडाइस प्लस पोर्टल पर सत्र 2025-26 के तहत अध्यापकों एवं अन्य सहायक कर्मचारियों की जानकारी अपडेट की जा रही है। इसमें शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता, प्रशिक्षण, विषयवार नियुक्ति, आधार नंबर और स्थानांतरण से जुड़ा संपूर्ण विवरण ऑनलाइन दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि यह डेटा राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शी नीतियों के निर्माण में बेहद अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में सभी स्कूल प्रबंधक इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। सरकारी के साथ-साथ मान्यता प्राप्त सभी निजी स्कूलों के लिए भी यह प्रक्रिया अनिवार्य है। यदि किसी स्कूल का डेटा अधूरा या गलत पाया जाता है तो उसकी सीधी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य की होगी। पोर्टल पर प्रविष्टि के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है, तो स्कूल प्रशासन संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र या जिला एमआईएस समन्वयक से संपर्क कर सकते हैं।
कोट
यूडाइस पोर्टल पर अध्यापकों और स्टाफ का डेटा समय पर अपडेट करना आवश्यक है। 30 नवंबर तक सभी सरकारी व निजी स्कूलों को यह कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। लापरवाही बरतने वाले स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-कुमारी रीता गुप्ता, शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा