नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल की बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण कार्य पूरा
नोडल अधिकारी ने जिले के सभी शिक्षा खंडो में किया प्रमाणीकरण
योजना में सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को किया है शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल से जोड़ने का कार्य पूरा हो गया है। अब स्कॉलरशिप योजनाओं में किसी प्रकार की धांधली नहीं हो पाएगी। सरकार के निर्देशानुसार अब बायोमीट्रिक प्रमाणिकता अनिवार्य कर दी गई है। जिसके तहत जिला सोलन के उपनिदेशक, मुख्याध्यापक, प्रधानाचार्य सहित स्कॉलरशिप प्रभारी के अंगूठे के निशान लगाने का कार्य पूरा कर दिया है। वहीं अब योजना में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की भी बायोमीट्रिक प्रमाणिकता की जाएगी। नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के तहत विभिन्न मैट्रिक और प्री-मैट्रिक योजना के तहत अब यह व्यवस्था रहेगी।
जानकारी के अनुसार निजी और सरकारी महाविद्यालयों, मेडिकल कॉलेज, बीएड कॉलेज, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पॉलिटेक्निक संस्थान, माध्यमिक व उच्च पाठशालाओं के मुखिया एवं स्कॉलरशिप नोडल ऑफिसर को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के लिए बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद शिक्षा ब्लॉक के तहत आने वाले संस्थानों के मुखिया एवं स्कॉलरशिप नोडल ऑफिसर ने इस कार्य को पूरा कर लिया है। जिससे सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं में किसी भी प्रकार का गड़बड़झाला नहीं हो पाएगा। स्कॉलरशिप के हर चरण से अधिकारियों की बायोमीट्रिक प्रमाणिकता होगी। साथ ही आवेदन करने वाले बच्चों की भी इसी तरह प्रमाणिकता ली जाएगी।
उधर, शिक्षा उपनिदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश नेगी ने बताया कि बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण का कार्य पूरा कर लिया है। इस पोर्टल में पंजीकरण के बाद विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति में किसी भी प्रकार का घोटाला नहीं हो सकता। इस पोर्टल से छात्रवृत्ति के लाभार्थी विद्यार्थियों को सीधे उनके बैंक खाते में छात्रवृत्ति की राशि आ जाएगी। जिसकी जानकारी उनके पास भी रहेगी।