शरीर में खुजली, लाल धब्बे सहित कई तरह के आ रहे मरीजों में लक्षण
डॉक्टरों का तर्क : ठंड में कपड़ों में सुक्ष्म जीवों के कारण बढ़ रहे मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सर्दियां शुरू होते ही स्केबिज (खुजली) के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की चर्म रोग ओपीडी में रोजाना 20 से 25 मरीज इस बीमारी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। मरीजों में तेज खुजली, त्वचा पर लाल दाने और जलन जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं।
अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों को विशेषज्ञों की ओर से आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार, स्केबिज सरकोप्टेस स्केबीई नामक सूक्ष्म कीट के संक्रमण से होता है। यह संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के साथ लंबे समय तक त्वचा के सीधे संपर्क में रहने और उसके कपड़े, बिस्तर, कंबल या तौलिये का इस्तेमाल करने से फैल सकता है। सर्दियों में एक ही कंबल या रजाई का कई लोगों द्वारा इस्तेमाल करना भी संक्रमण फैलने का कारण बन सकता है। डॉक्टर मरीजों को व्यक्तिगत कपड़ों और बिस्तर का इस्तेमाल करने तथा उनकी नियमित सफाई करने की सलाह दे रहे हैं।
स्केबिज होने के कारण
स्केबिज का कीट त्वचा में प्रवेश कर संक्रमण फैलाता है। इससे तेज खुजली और लाल दाने होने लगते हैं। संक्रमण के लक्षण मुख्य रूप से हाथों, कलाइयों, पेट और जननांगों के आसपास दिखाई देते हैं। रात के समय खुजली अधिक बढ़ सकती है।
स्केबिज से बचाव के तरीके
संक्रमित व्यक्ति के साथ सीधे त्वचा का संपर्क बनाने से बचें।
कपड़े, तौलिये, चादर, बिस्तर और कंबल साझा न करें।
परिवार के किसी सदस्य को संक्रमण होने पर सभी करीबी संपर्कों का एक साथ उपचार करवाएं।
इस्तेमाल किए गए कपड़ों, तौलियों और बिस्तर की चादरों को गर्म पानी में धोकर अच्छी तरह सुखाएं।
कई दिनों से रखे कंबल और रजाई इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह साफ करें।
कोट
स्केबिज एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से फैल सकता है। इसलिए इससे बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। कई दिनों बाद कंबल या रजाई निकालने पर इस्तेमाल से पहले उसकी अच्छी तरह सफाई करें और गर्म पानी में धोना संभव हो तो ऐसा जरूर करें।
डॉ. चारु सिंह, चर्म रोग विशेषज्ञ, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन।