स्वास्थ्य मंत्री ने सायरीघाट का किया निरीक्षण, बोले - 209 बीघा भूमि को पर्यटन के लिए किया जाएगा इस्तेमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि सायरीघाट को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कंडाघाट उपमंडल के सायरीघाट में पर्यटन की दृष्टि से विकसित होने वाले चिह्नित स्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि सायरीघाट में उपलब्ध 209 बीघा भूमि को ईको, धार्मिक और ग्रामीण पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करना भी है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि ग्रामीण पर्यटन को विकसित करना सरकार का संकल्प है। प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि पर्यटक प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से रुबरु हो सकें। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सायरी की प्रधान अंजू राठौर, ग्राम पंचायत काहला की प्रधान रीता देवी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुंदर सिंह जसवाल, कांग्रेस पार्टी के रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत सायरी के पूर्व प्रधान गोविंद भारद्वाज, बीडीसी सदस्य हेमा तन्वर, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य, सीएमओ सोलन डॉ. अमित रंजन तलवार, जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी सहित विभिन्न अधिकारी एवं ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित रहे।