बद्दी के यूनिकैंप चौक के समीप भटोली को निकलने वाले रास्ते के साथ कूड़े से भरा नाला- संवाद।
सड़कें, चौक और नाले कचरे से भरे, स्थानीय लोगों को झेलनी पड़ रही दिक्कतें
कहा- डोर-टू-डोर कचरा उठाने के नाम पर वूसला जा रहा अतिरिक्त 50 रुपये शुल्क
आदित्य चड्ढा
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) औद्योगिक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। एक तरफ प्रदेश सरकार ने डोर-टू-डोर कचरा उठाने के नाम पर बिजली बिलों के साथ अतिरिक्त 50 रुपये अतिरिक्त शुल्क जोड़ दिया है, वहीं दूसरी ओर धरातल पर हालात बद से बदतर दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर, गंदगी से भरे नाले और बदहाल सफाई व्यवस्था प्रशासनिक दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीबीएनडीए और कचरा उठाने का जिम्मा संभाल रही सफाई कंपनी पूरी तरह फेल साबित हो रही है। डोर-टू-डोर कचरा उठाने के लिए कंपनी को टेंडर तो दे दिया गया, लेकिन कई स्थानों पर महीनों नहीं बल्कि सालों से कचरा नहीं उठाया गया। इसका नतीजा यह है कि नाले, चौक-चौराहे और सड़कें कूड़े से भरी पड़ी रहती हैं। सबसे गंभीर स्थिति वर्धमान क्षेत्र के पास एबोट फैक्ट्री के सामने से गुजरने वाले संपर्क मार्ग के साथ लगते नाले में देखने को मिल रही है, जहां वर्षों से जमा कचरा बरसात के दिनों में नालियों भर जाता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार बारिश के दौरान गंदा पानी और कचरा लोगों के घरों तक पहुंच जाता है, जबकि सड़कें भी गंदगी से भर जाती हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो भविष्य में महामारी फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। संवाद
उधर, नगर निगम के अधिशासी अभियंता सुमित आजाद ने बताया कि सफाई कंपनी रूटीन में सभी स्थानों से कूड़ा उठाती है। अगर कहीं पर नहीं उठा होगा तो उन्हें उक्त स्थानों से कूड़ा उठाने को कहा जाएगा।