सोलन। जिलेभर में छह और खाद्य पदार्थों के सैंपल सब-स्टैंडर्ड और मिक्स ब्रांडेड निकले हैं। जिलेभर में एक माह के भीतर 22 खाद्य पदार्थों के सैंपल फेल हो गए हैं। विभाग ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस भेज एक माह का समय दिया गया है। यह सैंपल शहर समेत बद्दी, नालागढ़, कंडाघाट, कुमारहट्टी और आसपास के क्षेत्रों से भरे गए थे। इन्हें जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजा था। जहां से हाल ही में खाद्य पदार्थों की रिपोर्ट जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के पास पहुंची। इसमें से छह खाद्य पदार्थ के सैंपल खाने योग्य नहीं निकले। जिले में अधिक मात्रा में हुए खाद्य पदार्थों के फेल होने से स्वास्थ्य विभाग को अब लोगों के स्वास्थ्य की चिंता सतानी शुरू हो गई है। वहीं लोगों को भी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों को खाने का आग्रह किया है।जानकारी के अनुसार फरवरी में जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले से 30 सैंपल भरे थे। इनमें से अब तक 18 सैंपल फेल हो चुके हैं, जबकि नगर निगम खाद्य सुरक्षा विभाग ने 15 सैंपल शहर की विभिन्न दुकानों से लिए थे। इसमें छह सैंपल फेल हुए हैं। खास बात यह है कि इन सैंपलों में सबसे अधिक सैंपल रोजाना प्रयोग में आने वाले खाद्य पदार्थों के थे। इन्हें जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट प्रयोगशाला भेजा गया था। जांच में कुछ खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। वहीं अब इन सभी दुकानदारों को नोटिस भेज दिया गया है। एक माह के भीतर इन सभी दुकानदारों को संतोषजनक उत्तर देना होगा। संतोषजनक उत्तर न देने पर विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी।
गौर रहे कि जिले में लोगों की सेहत से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो इसे लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर नजर बनाए हुए है। जिले में दो टीमें लगातार खाद्य पदार्थों का निरीक्षण कर रही है और सैंपल भर रही हैं।
इनसेट
अभी तक ये सैंपल हो चुके फेल
पाइन एप्पल जूस, अल्फेंसो मैंगो जूस, गवावा जूस, वाइट विनेगर, थिंथेटिक फूड कल्ड (लेमन येलो) सब-स्टैंडर्ड और मिक्स ब्रांडेड निकले हैं। इसके अलावा आंवला कैंडी मिस ब्रांडेड, पनीर लूज सब-स्टैंर्डड, सोया कुकिंग ऑयल सब-स्टैंडर्ड हैं। रिफाइंड वेजिटेबल आयल सब स्टैंडर्ड, अरहर दाल मिस ब्रांडेड, चक्की आटा मिस ब्रांडेड, खुली शक्कर सब स्टैंडर्ड, कच्ची घानी तेल सब स्टैंडर्ड, मूंग दाल सब स्टैंडर्ड पाई गई है। पनीर, मैदा, इन्सेंट मसाला और स्पेशल चाय मसाला भी फेल हुए हैं। वहीं पानी पूरी, खट्टी-मिठी चटनी के दो सैंपल, पनीर, सरसों तेल के सैंपल भी फेल हो गए हैं।
इनसेट
मार्च में भरे गए 40 सैंपल
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले से अब तक 40 सैंपल भरे जा चुके हैं। इन सैंपलों को विभाग की ओर से सीटीएल भेजा गया है। इन सैंपलों की रिपोर्ट विभाग के पास आगामी 14 दिन में आ जाएगी। इसके बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में पता चल पाएगा। वहीं जिला स्तरीय मां मनसा देवी मेले में भी बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर विभाग की नजर होगी।
इनसेट
जिले में छह और खाद्य पदार्थों के सैंपल फेल हो गए हैं। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से फरवरी में भरे गए सैंपलों में 16 खाद्य पदार्थ जांच में सब-सटैंडर्ड और मिक्स ब्रांडेड निकलें हैं। विभाग ने सभी को नोटिस भेज कर एक माह का समय दिया है। संतोषजनक उत्तर न आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-अरुण चौहान, सहायक आयुक्त, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग सोलन