नालागढ़ (सोलन)। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण कड़ी कार्रवाई अमल में ला रहा है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी की अगुवाई में विभाग टीम ने औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसते हुए उनके चालान काटकर मौके पर जुर्माना वसूला। इस दौरान बिना फिटनेस और बिना परमिट के चल रही पंजाब नंबर की चार प्राइवेट बसों को जब्त किया। इन बसों में स्कूली बच्चे सवार थे।
आरटीओ नालागढ़ रविंद्र शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने 23 वाहनों के चालान काटकर 62,000 रुपये जुर्माना भी वसूला है। इस टीम ने बीबीएन के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर 72 वाहनों की जांच की और दस्तावेजों में खामियां पाए जाने की सूरत में 23 वाहनों को चालान काटे। वहीं चार निजी बसों को जब्त भी किया। इस दौरान चालकों को नशामुक्त हिमाचल, हेलमेट, पीयूसी सहित आवश्यक दस्तावेज साथ रखने को लेकर भी जागरूक किया गया।
बीबीएन के अलग-अलग हिस्सों में इस टीम ने वाहनों पर शिकंजा कसना शुरू किया। कई वाहनों के दस्तावेजों में खामियां पाई। पंजाब नंबर की चार बसों में स्कूली बच्चे भरे थे लेकिन ये बसें बिना परमिट और बिना फिटनेस के चल रही थी। टीम की कार्रवाई में सभी स्कूली बच्चों को उनके गंतव्य पर पहुंचाया। इसके बाद में बसों को जब्त करके उन्हें पुलिस थाना बद्दी में खड़ा करवा लिया है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रविंद्र शर्मा ने कहा कि बीबीएन के अलग-अलग हिस्सों में की कार्रवाई के दौरान वाहनों के चालान काटे और बिना फिटनेस वह बिना परमिट के चल रही चार स्कूली बसों को जब्त किया है। इनमें सवार बच्चों को उनके गंतव्य पर पहुंचाया और बसों को पुलिस थाना बद्दी में खड़ा करवा कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।