बरसात में सड़क ढहने के बाद से वनवे है आवाजाही
एसआरएम कंपनी की ओर से किया जा रहा है निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। परवाणू-सोलन फोरलेन पर दत्यार के समीप ट्रक ले-बाय के पास ढही सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कंपनी की ओर से यहां पर डंगा लगाया जा रहा है। डंगे का निर्माण होने के बाद सड़क बनाई जाएगी। सड़क बनने के बाद फोरलेन पूरी तरह से बहाल हो जाएगा। बरसात के बाद से अब तक यहां पर एक ही लेन से दोनों ओर के वाहनों की आवाजाही चली हुई है। इससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं की हर समय संभावना बनी रहती है। लेकिन आगामी एक माह में कंपनी ने कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद से वाहन चालक अपनी-अपनी लेन में चलेंगे और दुर्घटनाओं के मामले जीरो हो जाएंगे। गौर रहे कि वर्ष 2023 की बरसात के जख्म कई जगह अभी भी नजर आ रहे हैं। बरसात से अधिकतर प्रभाव कालका-शिमला नेशनल हाईवे को पड़ा है। जहां पर कई जगह सड़क पर दरारें पड़ गई थी तो कई जगहों पर सड़क ढह गई थी। लेकिन अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर सड़क को दुरुस्त करवाने का काम शुरू कर दिया है। इसे लेकर एसआरएम कंपनी को टेंडर दिया गया है। इसके बाद कंपनी ने कार्य शुरू कर दिया है। वहीं, इससे पहले ट्रक ले-बाय के विपरीत ओर कलवर्ट डालने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा भी कई जगह कार्य हो रहा है।
ट्रक ले-बाय के नजदीक सिंगल लेन को जल्द डबल लेन में तबदील कर दिया जाएगा। इसके लिए कंपनी की ओर से कार्य किया जा रहा है। ढही सड़क पर काफी नीचे से डंगा लगाया जा रहा है।
मनोज कुमार, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर, एसआरएम कंपनी।