करोड़ों की लागत से बनी सड़क बदहाल
संवाद न्यूज एजेंसी बरोटीवाला (सोलन)। दून विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी इलाके चंडी से बढ़लग को जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति ने स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत खराब होने के कारण रोजाना आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। चंडी में लोक निर्माण विभाग का उपमंडल कार्यालय भी खोला गया है, जो फिलहाल किराये के भवन में संचालित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि विभागीय कार्यालय खुलने और अधिकारियों की तैनाती के बावजूद कार्यालय से महज पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाली सड़क की सुध नहीं ली जा रही है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
पट्टा महलोग क्षेत्र में जनहित के मुद्दों को उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता राजू भाई ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर विभागीय अधिकारियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कार्यालय में बैठने के लिए सुविधाएं, सरकारी वाहन और चालक उपलब्ध करवाए गए हैं, लेकिन वे मौके पर जाकर सड़कों का निरीक्षण क्यों नहीं करते? स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने और अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर स्थिति सुधारने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनीष ठाकुर ने कहा कि चंडी-बढ़लग मार्ग की मरम्मत के लिए टेंडर 27 नवंबर को लगने हैं। इसके बाद मरम्मत का कार्य किया जाएगा।