तीन साल से नहीं हुआ है मेडिकल बिलों का भुगतान
एचआरटीसी पेंशनरों ने बैठक में मांगों पर पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम कर्मचारी कल्याण संगठन की बैठक में पेंशनरों को समय पर पेंशन मुहैया कराने की मांग उठाई गई। पेंशनरों ने मांग की कि अन्य विभागों की तर्ज पर उन्हें भी माह की पहली तारीख को पेंशन दी जाए।
पेंशनर कल्याण संगठन की बैठक नए बस अड्डा परिसर में इकाई प्रधान जगतार सिंह राणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2016 से लागू 7वें वेतन आयोग के लाभ और महंगाई भत्ते (डीए) की बकाया किश्तों का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। पेंशनरों ने इन बकायों का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई। इसके अलावा वर्ष 2024 के बाद से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन अभी तक निर्धारित नहीं हो पाई है। इस संबंध में बैठक में प्रस्ताव पारित कर उन्हें तुरंत पेंशन लाभ देने की मांग की गई।
पेंशनरों ने बताया कि तीन वर्षों से मेडिकल बिलों का भुगतान लंबित है। इससे वृद्धावस्था में उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मेडिकल बिलों के शीघ्र भुगतान की मांग की। बैठक में श्याम लाल शर्मा, नजामुद्दीन, जीत सिंह, सुच्चा सिंह, संगत सिंह, खुशहाल सिंह, बचन दास, हरि चंद, शिंगारा सिंह, चरण सिंह, रामपाल, रतन लाल, प्रेम सिंह, जगत राम, सुभाष चंद, लक्ष्मण दास, देवानंद, रघुबीर, दयाल बहादुर, राम लोक, केवल चंद, बुधराम, कमल, राम स्वरूप, भगत राम, श्याम सिंह, जोधा राम, हरिंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार, रविंद्र सिंह और अजमेर सिंह सहित अन्य पेंशनरों ने भाग लिया।