पुलिस मैदान सोलन में पुलिस भर्ती के चौथे दिन 1054 में से 345 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुलिस लाइन मैदान सोलन में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के चौथे दिन भी युवाओं में खाकी पहनने का जुनून देखने को मिला। 552 अभ्यर्थियों की सांसें फूल गईं और वे शारीरिक दक्षता परीक्षा की बाधा पार नहीं कर सके। 156 युवा परीक्षा पास करने में सफल रहे। भर्ती बोर्ड की ओर से शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए कुल 1054 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। सुबह से ही मैदान के बाहर युवाओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं, लेकिन 345 अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया से अनुपस्थित रहे। 709 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद उनकी ऊंचाई और सीने की माप ली गई। इसके पश्चात युवाओं ने दौड़, ऊंची कूद और लंबी कूद जैसी शारीरिक परीक्षाओं में अपना दमखम दिखाया। मैदान में सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर चरण की वीडियोग्राफी करवाई जा रही है ताकि निष्पक्षता बनी रहे।
कोट
पुलिस मैदान सोलन में भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत चल रही है। 1054 अभ्यर्थियों में से 345 अनुपस्थित रहे। 156 ने शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मैदान में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
- टीएसडी वर्मा, एसपी सोलन