सोलन। पंचायतीराज चुनाव की जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की सीट पर भाजपा ने अपना कब्जा जमा दिया है। वार्ड-10 दाड़वां से निर्वाचित रमेश कुमार को निर्विरोध अध्यक्ष और वार्ड-16 रतवाड़ी से कमलेश पंवर को उपाध्यक्ष चुना गया। स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल भी इस मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान उपायुक्त केसी चमन ने पूर्व जिला परिषद के शेष नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ भी दिलवाई।
इसमें दाड़ला से नव निर्वाचित सदस्य हीरा देवी, धुंधन से भुवनेश्वरी शर्मा, कुनिहार से अमर सिंह, धर्मपुर से दर्पणा ठाकुर, दाड़वां से रमेश कुमार, बरोटीवाला से अमर चंद, खेड़ा से शांति देवी, बवासनी से राहुल शर्मा और रतवाड़ी से कमलेश पंवर शामिल रहीं।
इस मौके पर उपायुक्त ने जिला परिषद सोलन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी सदस्यों को बधाई देते हुए आशा जताई कि सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्र और जिला के विकास में पूर्ण सहभागी बनेंगे। जिला परिषद सोलन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अनुराग चंद्र शर्मा एवं जिला पंचायत अधिकारी मोती लाल भी उपस्थित थे।
भाजपा में जनता का बढ़ा विश्वास : डॉ. सैजल
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि जनता से पंचायतीराज संस्थाओं में भाजपा के प्रतिनिधियों को बहुमत से जीताकर भेजा है। जिला परिषद में भाजपा के 14 सदस्य जीतकर आए हैं। उन्होंने कहा कि 2022 में के चुनाव में भी भाजपा पूरे जोश के साथ रिपीट करेगी। इस चुनाव में कांग्रेस का विकास विरोधी असली चेहरा सामने आया है।
छल-कपट से जीती भाजपा : शिव कुमार
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार ने जिप चुनाव में भाजपा ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की नियुक्ति के पीछे छल-कपट और दबाव की रणनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि आधिकारिक रूप से भाजपा के महज सात ही सदस्य चुनकर आए थे। भाजपा ने साम-दाम, दंड और भेद की नीति अपनाकर अपना अध्यक्ष नियुक्त किया। यह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं।