Vigilance team Solan recovers three vehicles from Gurdaspur
सोलन। महंगी गाड़ियों के फर्जीवाड़े मामले में विजिलेंस की टीम ने पंजाब के गुरदासपुर क्षेत्र से तीन वाहनों को रिकवर कर लिया है। एक अन्य वाहन की तलाश अभी भी जारी है। सोलन से गायब वाहनों पर पंजाब का नंबर लगाकर गुरदासपुर के क्षेत्र में चलाया जा रहा था। इसमें एक कार, एक बाइक और स्कूटी शामिल है। इसका खुलासा गाड़ियों को रिकवर करने पहुंची टीम ने किया है।
इस मामले में कई और खुलासे होने की उम्मीद है। गिरफ्तार आरोपी भी पुलिस रिमांड पर चल रहा है। मंहगी गाड़ियों के फर्जीवाड़े मामले में मुख्य आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने सोलन के चार वाहनों को पंजाब किसी और व्यक्ति को बेच दिया है। इसके बाद अब विजिलेंस ने एक टीम आरोपी की निशानदेही पर शनिवार को पंजाब के लिए रवाना हो गई थी।
रविवार की सुबह टीम वाहनों को लेकर सोलन पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार निजी कंपनियों में महंगी गाड़ियां लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को विजिलेंस टीम ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ के बाद गाड़ियों की रिकवरी शुरू हो गई है। इसके अलावा आरोपी पुलिस रिमांड पर चल रह है। रिमांड पूरा होने के बाद उसे शिमला विजिलेंस टीम भी पूछताछ के लिए ले जा सकती है।
डीएसपी विजिलेंस सोलन संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पंजाब के गुरदासपुर से टीम ने तीन वाहनों को रिकवर कर लिया है। आरोपी ने गुरदासपुर में वाहनों को बेचकर इसका पंजीकरण करवा पंजाब का नंबर लगवा दिया था। इससे वाहनों को तलाश करना मुश्किल हो सकता था लेकिन गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने इसका खुलासा किया है।