नालागढ़ के पीर स्थान मेले का दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां
श्रद्धालुओं ने बाबा की दरगाह पर शीश नवाकर मांगी सुख-समृद्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। ऐतिहासिक जिला स्तरीय पीरस्थान लोहड़ी मेले के दूसरे दिन आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा की दरगाह पर शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि की मन्नत मांगी। वहीं, मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक निंजा ने अपने हिट गानों से ऐसा समां बांधा कि कड़ाके की ठंड में भी दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। बुधवार शाम मंच संभालते ही गायक निंजा ने आदत, जट्ट निकले, रोई ना और हवा दे बरके जैसे मशहूर पंजाबी गीतों की झड़ी लगा दी। इससे पहले गायक राजवीर राजा ने किरदार और जज्बाती गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। स्थानीय गायक चन्ना किशनपुरिया ने बद्दी साडा बन जाऊ बिहार मित्रों और आजा रब्बा जज बनके जैसे गीतों से खूब वाहवाही लूटी।मेले के दूसरे दिन नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा और दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।विधायकों ने बताया कि पीरस्थान मेले को अब आधिकारिक रूप से जिला स्तरीय दर्जा मिल गया है और इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। दोनों विधायकों ने मेला कमेटी को 31-31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित मंच मिल रहा है।इस मौके पर एसडीएम नरेंद्र अहलुवालिया, तहसीलदार हुसन चंद, समाजसेवी जतिंद्र राणा मौजूद रहे। मेला कमेटी अध्यक्ष पम्मी डाडी ने बताया कि यह 27वां सभ्याचारक मेला है, जिसमें पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से भी लोग पहुंचते हैं।
कबड्डी में दभोटा का दबदबा
मेले के दौरान आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में दभोटा की टीम ने राजपुरा को 31-21 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में महिलाओं के लिए भी विशेष कबड्डी मैचों का आयोजन किया गया, जिसका दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।