बद्दी के लंडेवाल शीतलपुर योजना के पंप हाउस से पंप व मोटर हुई चोरी- स्रोत-विभाग।
भटोलीकला से केबल और लंडेवाल से पंप और मोटर ले गए चोर
चोरों ने रात को ताले तोड़ कर वारदात को दिया अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। क्षेत्र में जलशक्ति विभाग की दो योजनाओं में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। भटोलीकलां पेयजल योजना की केबल और लंडेवाल-शीतलपुर योजना की मोटर और पंप चोरी की गई है। चोरी हुए सामान की कीमत करीब साढ़े आठ लाख रुपये बताई जा रही है। चाेरी की वारदातों से दोनों जगह पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जलशक्ति विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
चोरों ने भटोलीकलां पेयजल योजना के पंप हाउस से केबल चोरी की। इसके चलते योजना बंद हो गई। इसके चलते सोमवार को गांव में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। वहीं, लंडेवाल-शीतलपुर पंप हाउस का ताला तोड़कर चोर मोटर और पंप उठा ले गए। इनकी कीमत करीब साढ़े आठ लाख रुपये बताई गई है। चोर वहां रखा एक पुराना पंप भी ले गए।
इस साल 17 जगह चोरी की घटनाएं
जलशक्ति विभाग के अनुसार, पेयजल और सिंचाई योजनाओं में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चोर योजनाओं में लगी केबल काटकर और पंप हाउस के ताले तोड़कर उपकरण चोरी कर रहे हैं। इससे विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। लंडेवाल-शीतलपुर सिंचाई योजना का पानी स्थानीय लोग पीने के लिए भी इस्तेमाल करते थे। दोनों क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को परेशानी हुई। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ई. राहुल अबरोल ने बताया कि विभाग की ओर से चोरी की पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।