एचजीसीटीए की स्थानीय इकाई की ओर से आयोजित गेट मीटिंग के दौरान महाविद्यालय सोलन के बाहर खड़े इका
सोलन में गरजे शिक्षक, लंबित डीपीसी और सीएएस को लेकर की गेट मीटिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल गवर्नमेंट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर शनिवार को राजकीय महाविद्यालय सोलन की स्थानीय इकाई ने कॉलेज परिसर के बाहर एक गेट मीटिंग की। इस दौरान प्रोफेसर्स ने विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की लंबित बैठकों और पात्र कॉलेज शिक्षकों के लिए कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) लागू न किए जाने पर गहरा रोष और चिंता व्यक्त की।
बैठक की अध्यक्षता स्थानीय इकाई के अध्यक्ष डॉ. बीएन कमल ने की, जबकि संचालन सचिव डॉ. मंजू ठाकुर द्वारा किया गया। मीटिंग में कॉलेज के बड़ी संख्या में प्राध्यापकों ने हिस्सा लिया और लंबे समय से लटकी इन मांगों पर सरकार के ढुलमुल रवैये के खिलाफ सर्वसम्मति से अपनी निराशा जाहिर की। इस मौके पर अध्यक्ष ने कहा कि डीपीसी का समयबद्ध आयोजन और सीएएस का क्रियान्वयन शिक्षकों का वैध अधिकार है। शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, उनके मनोबल को ऊंचा रखने और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाना अत्यंत आवश्यक है। वहीं, इकाई की सचिव डॉ. मंजू ठाकुर ने बताया कि एसोसिएशन द्वारा इन मांगों को लेकर सरकार के समक्ष कई बार गुहार लगाई गई और प्रतिनिधित्व भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इस वजह से प्रदेशभर के कॉलेज शिक्षकों में भारी असंतोष व्याप्त है। गेट मीटिंग के अंत में उपस्थित सभी प्राध्यापकों ने एकजुटता दिखाते हुए संकल्प लिया।