सोलन। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में रोगी कल्याण समिति ने स्पेशल वार्ड के दाम कम कर दिए हैं। अब अस्पताल में मरीज 750 रुपये में मिलने वाले स्पेशल वार्ड को 500 रुपये में ले सकेंगे। सोमवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय जिला आयुर्वेदिक अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की दसवीं बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कृतिका कुलहरी ने की। बैठक के दौरान अस्पताल प्रशासन की ओर से आय और व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। इसके बाद अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के बारे में चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि वित्त वर्ष में रोगी कल्याण समिति की अनुमानित आय लगभग एक करोड़ 25 लाख रुपये और व्यय एक करोड़ 12 लाख रुपये है।बैठक में बताया गया कि वर्ष 2021-22 में अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की ओर से आयुष्मान भारत योजना के तहत 272 रोगियों को लगभग 24 लाख 48 हजार रुपये और हिमकेयर योजना के तहत 232 रोगियों को लगभग 20 लाख 88 हजार रुपये का फायदा मरीजों को मिला है। इसी के साथ 1299 रोगियों का पंचकर्म पद्धति से उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त 340 रोगियों का क्षार सूत्र विधि से उपचार किया गया। इस दौरान जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा ने रोगी कल्याण समिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने रोगी कल्याण समिति की ओर से जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में जनहित में किए गए कार्यों की जानकारी दी। जीवनशैली के विकार के कारण उत्पन्न बीमारियों का उपचार प्राचीन आयुर्वेदिक पद्धति जैसे पंचकर्मा और क्षार सूत्र चिकित्सा पद्धति के माध्यम जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में किए जा रहे हैं और भविष्य में सोवा रिग्पा प्रणाली के माध्यम से भी उपचार करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर बैठक में नगर निगम सोलन की मेयर पूनम ग्रोवर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, जिला पंचायत अधिकारी जोगिंद्र प्रकाश राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आरएस नेगी, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट
विश्व भर में आयुर्वेद को बेहतरीन चिकित्सा पद्धतियों में से एक माना जाता है। हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मी श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया। अस्पताल में रोगियों को दी जाने वाली सुविधाओं में सुधार और सहायता को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। सामान्य ऑपरेशन के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से उपलब्ध करवाया जाएगा।
-कृतिका कुलहरी, उपायुक्त, सोलन