निगम का पेयजल वितरण शेड्यूल बिगड़ा, लोग हुए परेशान
पहले ही चौथे दिन मिल रहा पानी, एक दिन बढ़ा इंतजार
मंगलवार को शहर के कुछ वार्डों में दोपहर बाद दी गई सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। गर्मियों के शुरू होते ही शहर में पेयजल संकट छाने लगा है। गिरी योजना में सोमवार को बिजली कट लगने से पानी की लिफ्टिंग रुक गई और सप्लाई का शेड्यूल बिगड़ गया। सोमवार को शहर में पूरी तरह से पानी की सप्लाई ठप रही। नगर निगम की जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह गिरि से लिफ्टिंग शुरू हुई और दोपहर बाद पानी टैंकों में पहुंचा। इसके बाद वार्ड नंबर 12 के आधे क्षेत्र, मालरोड, धोबीघाट, आईटीआई समेत कुछ अन्य वार्डों में सप्लाई दी गई। हालांकि, जहां मंगलवार को पानी मिलना था, वहां इसे बुधवार तक स्थगित किया गया। शहर में 80 फीसदी पानी गिरि योजना से आता है। रोजाना यहां से 50 से 60 लाख लीटर पानी सप्लाई होता है, जबकि अश्वनी खड्ड से करीब 20 से 30 लाख लीटर पानी मिलता है। शहर को पूरी सप्लाई के लिए लगभग 90 लाख लीटर पानी की जरूरत होती है। इसलिए एक दिन की कमी से शेड्यूल पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। गिरी योजना में बार-बार बिजली कटौती की समस्या रहती है। यहां ट्रांसफॉर्मर सिरमौर जिले में हैं, जो राजगढ़ से संचालित होते हैं। जबकि गिरि योजना सोलन जिले में है। कट लगने से सोलन और आसपास के दर्जनों गांव प्रभावित होते हैं। शहर में अभी तक अपना ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया जा सका। भाजपा पार्षद शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार शहर में पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं में पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली व जल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो गर्मियों में लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ेगा।
कोट
सोमवार को गिरि योजना में कट के कारण मंगलवार को लिफ्टिंग नहीं हो पाई। कुछ बैकलॉग क्षेत्रों में सप्लाई दी गई, जबकि बाकी क्षेत्रों में बुधवार को पानी पहुंचाया जाएगा। शेड्यूल को पहले की तरह नियमित करने में एक सप्ताह का समय लग सकता है।
ई. अल्पना,सहायक अभियंता, जलशक्ति विभाग