अभियान...खस्ताहाल सड़क-5
सोलन-सुबाथू, धर्मपुर-सुबाथू सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे
सोलन को बिलासपुर से जोड़ने वाली दोनों सड़कें बदहाल, सालों से नहीं हुई मेटलिंग
सेना समेत सीमेंट प्लांट के रोजाना निकलते हैं सैकड़ाें वाहन
अधिकारी भी नहीं ले रहे कोई सुध, लोग हो रहे रोजाना चाेटिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले को बिलासपुर से जोड़ने वाली सोलन-सुबाथू और धर्मपुर-सुबाथू सड़क पर गड्ढों की भरमार है। हालत इतनी खराब है कि समझ नहीं आता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। वाहन चालकों को दोनों सड़कों पर 15 से 26 किलोमीटर तक हिचकोले खाकर चलना पड़ रहा है।
हैरत की बात है कि लोक निर्माण विभाग ने भी सालों से इन सड़कों की मेटलिंग नहीं करवाई, केवल गड्ढों को भरकर काम चलाया जा रहा है। सोलन-सुबाथू और धर्मपुर-सुबाथू दोनों ही अहम सड़कें हैं। इसके बावजूद विभाग इन पर ध्यान नहीं दे रहा है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रोजाना गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। सड़क से न केवल स्थानीय लोग गुजरते हैं बल्कि सेना और सीमेंट प्लांट के सैकड़ों वाहन भी रोज गुजरते हैं। इसके बावजूद अधिकारी सुध लेने को तैयार नहीं हैं।
लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी इन सड़कों की खराब हालत को लेकर अधिकारियों को जल्द सुधार के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन अधिकारियों ने मंत्री की बात तक को अनदेखा कर दिया है। धर्मपुर से सुबाथू 15 किलोमीटर की सड़क अधिकतर स्थानों पर गड्ढों से भरी है। इस कारण लोगों को धूल-मिट्टी से होकर गुजरना पड़ रहा है। यही हालत सोलन-सुबाथू सड़क की भी है। यहां 26 किलोमीटर सड़क गड्ढों में तबदील हो चुकी है। बरसात के बाद स्थिति और बिगड़ गई है। सड़क किनारे बनी ड्रेनेज भी मिट्टी में बदल चुकी है। सड़क किनारे दुकानों और घरों में धूल की परत जम चुकी है। धूल-मिट्टी के कारण लोगों को सांस की बीमारियों की चिंता सताने लगी है।
धर्मपुर से सुबाथू तक नहीं जाते बड़े वाहन
धर्मपुर से सुबाथू तक बड़े वाहनों की एंट्री पर बैन है। यह रास्ता केवल छोटे वाहनों के लिए खुला है। हालांकि बसों को जाने की अनुमति है। 2023 में बरसात के दौरान नयानगर के समीप सड़क पर दरारें पड़ने के बाद बड़े वाहनों को यहां से रोक दिया था। अब बड़े ट्रकों को कैंची मोड़ से खालटू होते हुए चंडीगढ़ जाना पड़ता है। इस सड़क की हालत भी ठीक नहीं है।
गटका और रेत से भरे गड्ढे
लोक निर्माण विभाग ने बरसात के बाद सड़क में पड़े गड्ढों पर गटका और रेत डालकर लीपापोथी कर दी। इससे सड़क की हालत और खराब हो गई। बताया जा रहा है कि ठेकेदारों को भुगतान न होने के कारण ठीक काम नहीं हो पाया। केवल औपचारिकता निभाई गई।
टारिंग नहीं, चौड़ा करने का प्लान
सुबाथू-सोलन सड़क की टारिंग नहीं करवाई जा रही है। हालांकि सड़क को चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है। इसे लेकर विभाग पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि चौड़ा तो बाद में भी हो सकता है, लेकिन फिलहाल सड़क की टारिंग करके लोगों को राहत दी जानी चाहिए। पहले जहां धर्मपुर से सुबाथू पहुंचने में आधा घंटा लगता था, अब एक-एक घंटा लग रहा है।
सड़क की मरम्मत जारी, अप्रैल में होंगे बड़े कार्य
सुबाथू-धर्मपुर सड़क पर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। टारिंग समेत अन्य काम अप्रैल में करवाए जाने हैं। विभाग सड़क को दुरस्त करने की दिशा में काम कर रहा है।
ई. गुरमिंदर सिंह, अधीशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी कसौली