बद्दी (सोलन)। दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि इस बार विकास के नाम पर जनता नगर परिषद के उम्मीदवारों को वोट देगी। पत्रकार वार्ता में पम्मी ने कहा कि 18 साल तक दून के एक परिवार ने राज किया पिछले कार्यकाल में भाजपा ने जो काम करवाए हैं वे कांग्रेस के 18 सालों पर भारी पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की ओर से करवाए कार्य को लेकर जनता वोट डालने के मूड में है। कांग्रेस को वार्डों में खड़ा करने के लिए उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे हैं। नप के पूर्व अध्यक्ष चौधरी मदन लाल ने विधायक पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा ने वार्ड नंबर एक से भुड की महिला को चुनाव में उतारा है। वार्ड तीन और 9 से एक ही परिवार के सदस्यों को प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले उनको अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए। पूर्व विधायक चौधरी राम कुमार ने कहा कि नगर परिषद बद्दी में विकास कार्य ठप हैं। सफाई के नाम पर लूट-खसूट हो रही है। एक कमरे की सफाई के लिए पचास रुपये वसूली की जा रही है। लोगों को नक्शे पास नहीं हो रहे हैं। स्ट्रीट लाइटें बंद हैं।