सोलन। पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया में जिला सोलन के सैकड़ों लोग मताधिकार से वंचित रहेंगे। जिले की विभिन्न पंचायतों के लोग वोट नहीं दे पाएंगे तथा जनप्रतिनिधियों के चुनाव में इनकी भूमिका नहीं होगी।
कारण, पंचायत चुनाव के लिए जारी मतदाता सूची में उनका नाम ही शामिल नहीं है। इनमें कुछ ऐसे भी बताए जा रहे हैं, जो चुनावी जंग में उतरने की मंशा पाले हुए थे और नामांकन की पूरी तैयारी कर चुके थे, लेकिन नामांकन नहीं भर सके।
सूचना है कि जिला प्रशासन को प्रतिदिन विभिन्न पंचायतों से अनेक शिकायतें मिल रही हैं। दाड़लाघाट की सूरजपुर पंचायत के करीब 400 वोटरों का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत की तैयारी लोग कर रहे हैं। वहीं धर्मपुर विकास खंड समेत, अर्की, नालागढ़ और सोलन से भी इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं। हालांकि प्रशासन द्वारा नाम वोटिंग लिस्ट में डालने का समय दिया गया था, इसके बावजूद, जो लोग लापरवाह रहे हैं, उन्हें मताधिकार से वंचित रहना पड़ सकता है। खंडों से मिली रिपोर्ट में कुछ स्थानों पर छह दर्जन तक नाम लिस्ट में नहीं हैं। लोगों का तर्क है कि पिछली बार चुनाव में वोट डाला था।
विस और लोस के लिए बनी मतदाता सूची में भी उनका नाम शामिल हैं, लेकिन पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से उनका नाम गायब है। किस स्तर पर यह गलती हुई, इसे लेकर विभाग कुछ नहीं बोल रहा है। उधर, जिला पंचायत अधिकारी विजय बरागटा का कहना है कि कि मतदाता सूची को अंतिम रूप देने से पूर्व पर्याप्त समय प्रदान किया गया था। इन लोगों को राज्य निर्वाचन आयोग के समक्ष बात रखनी चाहिए।