कसौली विस क्षेत्र के 107 मतदान केंद्रों पर किया जाएगा कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले की कसौली विधानसभा क्षेत्र के सभी 107 मतदान केंद्रों पर 27 अक्तूबर से 9 दिसंबर तक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी कसौली गौरव महाजन ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों को तैयार करने की अर्हता तिथि प्रथम जनवरी, 2024 निर्धारित की गई है। प्रथम जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि 27 अक्तूबर से 9 दिसंबर तक पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रारूप-6 पर आवेदन करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रथम अप्रैल 2024, प्रथम जुलाई 2024 और प्रथम अक्तूबर 2024 की अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा प्रारूप-6 पर मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूचियों का निरीक्षण उपमंडलाधिकारी कार्यालय कसौली एवं सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालय में भी किया जा सकता है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 04 और 05 नवंबर एवं 18 और 19 नवंबर को मतदान केंद्रों पर राजनीतिक दलों के बूथ स्तर के एजेंटों के साथ विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।
गौरव महाजन ने कहा कि विशेष अभियान दिवसों पर अभिहित अधिकारी व बूथ स्तर के अधिकारी कार्यालय समय में संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से दावें एवं आक्षेप प्राप्त करेंगे। उन्होंने योग्य मतदाताओं से इस अभियान का लाभ उठाने का आग्रह किया है।