सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में इलाज के लिए लगी मरीजों की भीड़। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सोमवार को पर्ची काउंटर से लेकर दवाई काउंटर तक लोगों की भीड़ लगी रही। इस दौरान अस्पताल में कोविड नियमों की भी धज्जियां उड़ीं। रविवार को छुट्टी के बाद खुले अस्पताल में सुबह से ही मरीज कतार में अपनी बारी का इंतजार करते रहे। अधिकतर भीड़ मेडिसन, आर्थों, ईएनटी और गायनी ओपीडी के बाहर रही। वहीं मेडिसन, आर्थो और ईएनटी ओपीडी एक साथ होने से यहां सामाजिक दूरी भी नहीं बन पा रही थी। इस कारण अस्पताल में कोविड फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
जिले में कोविड मामलों में बढ़ना शुरू हो गए हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है लेकिन धरातल पर सच्चाई कुछ और ही है। अस्पताल में भी चिकित्सक और गृह रक्षक जवान लोगों को उचित दूरी बनाने के लिए आग्रह करते हैं लेकिन अपनी बारी को लेकर लोग एक-दूसरे से आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं। ऐसे में एक ही जगह पर भीड़ एकत्र होने लगती है। सोमवार को अस्पताल में सुबह 10 बजे से पर्ची काउंटर पर लाइनें लगी रही। इसके बाद ओपीडी और दवा काउंटर पर भीड़ रही।
उधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल वर्मा ने बताया कि मरीजों से कोरोना नियमों का पालना करने के लिए आग्रह किया जाता है। मेडिसन, आर्थो, ईएनटी और गायनी ओपीडी एक जगह पर होने से जगह की कमी भी खल रही है। मरीजों को टोकन लेकर खुले स्थान पर जाकर अपनी बारी का इंतजार के लिए कहा जाता है।