अर्की में हुई भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ अर्की की मासिक बैठक लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में अध्यक्ष देवी रूप अत्री की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रदेश महामंत्री इंद्र पाल शर्मा और जिलाध्यक्ष बाबू राम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में पेंशनर्स की संयुक्त मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सरकार से बार-बार मांग करने के बावजूद उनकी बातों को न मानने जाने पर रोष प्रकट किया गया। सरकार से फिर मांग की कि पेंशनर्स की सभी वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान किया जाए। पेंशनर्स और कर्मचारी वर्तमान में भारी वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं। पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा और विधानसभा सत्र के दौरान घेराव भी किया जाएगा।
इस मौके पर हेमेंद्र गुप्ता, कामेश्वर शर्मा, टेक चंद शर्मा, राम सिंह, अनिल कुमार, संत राम, धनी राम चौहान, आशा राम, दामोदर परिहार, प्रेम ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।