जल्द शुरू होगा काम, हर समय पानी बहने से खस्ता हो चुकी थी हालत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन शहर के साथ लगते शामती क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी सड़क को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने एक नया और स्थायी समाधान खोजा है। विभाग की ओर से अब इस मार्ग पर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने ब्लॉक लाकर सड़क किनारे रख दिए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस कदम से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को सड़क पर बार-बार बनने वाले गड्ढों से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। शामती से डिग्री कॉलेज जाने वाली सड़क के पास पेवर ब्लॉक बिछाने का सबसे बड़ा कारण वहां लगातार बहने वाला पानी है। सड़क के साथ बनी नाली क्षतिग्रस्त होने की वजह से सारा गंदा पानी सड़क पर आ जाता है। इस वजह से पूर्व में कई बार गड्ढों को भरने के बावजूद कुछ ही दिनों में सड़क की हालत फिर से खस्ता हो जाती थी। अब पेवर ब्लॉक लगने से पानी सड़क पर आने के बाद भी मार्ग को नुकसान नहीं पहुंचेगा, जिससे महीनों से हिचकोले खाकर सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
अन्य स्थानों पर की गई टारिंग
विभाग ने स्पष्ट किया कि जहां पानी के कारण सड़क ज्यादा प्रभावित थी, केवल उसी हिस्से में पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा मार्ग के अन्य प्रभावित हिस्सों में सामान्य प्रक्रिया के तहत टारिंग (तारकोल बिछाकर) के माध्यम से गड्ढों को भर दिया गया है।
कोट
सड़क के इस हिस्से में हर समय पानी बहने के कारण टारिंग टिक नहीं पा रही थी और कुछ ही महीनों में फिर से गड्ढे बन जाते। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए यहां पेवर ब्लॉक लगाने का निर्णय लिया गया है। जनता की सुविधा के लिए जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
सुरेंद्र शर्मा,उपखंड अधिकारी,लोक निर्माण विभाग