दभोटा ट्रक ऑपरेटर सोसायटी ने एसडीएम नालागढ़ से लगाई गुहार
पोर्टल पर एसएलडी का विकल्प, डिवाइस लगाने को एजेंसी नहीं अधिकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ और आसपास के इलाकों में ट्रक ऑपरेटरों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। वाहनों की पासिंग के दौरान ऑनलाइन वाहन पोर्टल पर स्पीड लिमिट डिवाइस ( एसएलडी) से संबंधित त्रुटि आने के कारण कई ट्रकों की पासिंग नहीं हो पा रही है। हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र में न तो इस डिवाइस को लगाने के लिए कोई अधिकृत कंपनी या एजेंसी उपलब्ध है और न ही ऑपरेटरों को इस समस्या का समाधान मिल पा रहा है। इसके चलते कई लोडेड ट्रक खड़े हो गए हैं और परिवहन कारोबार प्रभावित हो रहा है। इस समस्या को लेकर ट्रक ऑपरेटर ट्रांसपोर्ट सोसायटी दभोटा के अध्यक्ष सुरमुख सिंह ने एसडीएम को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
अध्यक्ष ने बताया कि जब ट्रकों की पासिंग के लिए ऑनलाइन वाहन पोर्टल पर प्रक्रिया पूरी की जाती है तो स्पीड लिमिट डिवाइस की त्रुटि सामने आ जाती है। इस त्रुटि को हटाने या डिवाइस लगवाने के लिए क्षेत्र में कोई अधिकृत व्यक्ति, कंपनी अथवा एजेंसी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में ट्रक ऑपरेटर चाहकर भी अपने वाहनों की पासिंग नहीं करवा पा रहे हैं। दभोटा और नालागढ़ क्षेत्र में परिवहन का बड़े स्तर पर कारोबार होता है। यहां से देश के विभिन्न हिस्सों में औद्योगिक कच्चा माल और अन्य सामान की ढुलाई की जाती है। वाहनों की पासिंग नहीं होने के कारण कई लोडेड ट्रक खड़े हैं, जिससे ट्रक मालिकों, ऑपरेटरों और संबंधित कंपनियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
सुरमुख सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक क्षेत्र में स्पीड लिमिट डिवाइस लगाने की सुविधा उपलब्ध नहीं होती, तब तक वाहन पोर्टल से संबंधित त्रुटि को हटाने अथवा वाहनों की पासिंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। इसके अलावा प्रशासन क्षेत्र में अधिकृत वेंडर, एजेंसी या कंपनियां उपलब्ध करवाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने आग्रह किया कि फिलहाल ट्रकों की पासिंग करवाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उधर, एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया ने बताया कि बारे में उच्च अधिकारियों से इस समस्या को उठाया जाएगा।