अर्की शहर में लंबे समय से चली आ रही समस्या का होगा समाधान
योगेश शर्मा
अर्की (सोलन)। अर्की क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अर्की सिविल अस्पताल के पास 18 लाख की लागत से पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। पार्किंग बनने से अस्पताल में उपचार करवाने आने वाले मरीजों, तीमारदारों और स्थानीय लोगों को वाहन खड़े करने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
गौरतलब है कि सिविल अस्पताल अर्की में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल के समीप पर्याप्त पार्किंग सुविधा न होने के कारण लोगों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं। इससे कई बार यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और मरीजों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यही नहीं कई बार आपातकालीन स्थिति में 108 तथा 102 एंबुलेंस भी अस्पताल परिसर के अंदर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आपातकाल ओपीडी तक नहीं पहुंच पाती है। तीमारदारों को मरीज को उठाकर ले जाना पड़ता है।
नई पार्किंग के निर्माण से अस्पताल के आसपास वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। पार्किंग का निर्माण मुख्य मार्ग पर अस्पताल गेट के पास कनिष्ठ अभियंता आवास के समीप किया जाएगा। पार्किंग में इंटरलाॅक टाइलें लगाई जाएंगी। करीब 30 गाड़ियां खड़ी हो सकेंगी।
कोट्स
पार्किंग स्थल का एस्टीमेट बना दिया गया है। राशि मिलने के तुरंत बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-केके चौहान,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग
कोट्स
अस्पताल परिसर में पार्किंग निर्माण को लेकर एक बड़ी योजना है। फिलहाल अस्पताल के साथ लगती जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-संजय अवस्थी, विधायक