शहर में 2.80 करोड़ की पार्किंग का कार्य अधर में लटका
निर्माण को लेकर ठोडो मैदान के समीप की गई है खोदाई
शहर की पहली लिफ्ट वाली पार्किंग होगी, 150 वाहनों को पार्क करने की होगी क्षमता, शॉपिंग मॉल भी बनेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में बनने जा रही पहली लिफ्ट वाली पार्किंग का काम अधर में लटक गया है। ठोडो मैदान के सामने नगर निगम की ओर से इस हाई-टेक पार्किंग का निर्माण करवाया जा रहा था, जिसका पूरा जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया था। लेकिन, काम शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद डिजाइन में गंभीर गड़बड़ी सामने आने के कारण इसे रोकना पड़ा। इस बहुमंजिला पार्किंग में करीब 150 वाहनों को पार्क करने की क्षमता होगी, साथ ही इसके सबसे ऊपरी हिस्से में शॉपिंग मॉल बनाने की भी योजना है।
इस महत्वाकांक्षी पार्किंग के निर्माण के लिए नगर निगम ने 2.80 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया था, जो लोक निर्माण विभाग को ट्रांसफर कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग की देखरेख में ही इसका डिजाइन तैयार किया जा रहा था। शुरुआती चरण में शिमला से इसका नक्शा बनवाया गया था, जिसमें बाद में तकनीकी गड़बड़ियों का खुलासा हुआ। अब लोक निर्माण विभाग की ओर से एक निजी कंपनी के माध्यम से नया और संशोधित डिजाइन तैयार करवाया जा रहा है। नया डिजाइन फाइनल होने के बाद ही निर्माण कार्य को दोबारा गति दी जाएगी। शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या और ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में राजगढ़ रोड पर अग्निशमन कार्यालय के समीप भी एक और पार्किंग का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए निगम ने 2.70 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। इस पार्किंग में भी एक समय में लगभग 150 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर में अवैध पार्किंग पर लगाम कसना, सड़क हादसों को रोकना और लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाना है।
कोट
नगर निगम के पास बनने वाली पार्किंग का काम फिलहाल रुका हुआ है। लोक निर्माण विभाग की ओर से इसका निर्माण किया जा रहा था, लेकिन डिजाइन में गड़बड़ी सामने आने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया। फिलहाल लोनिवि स्तर पर इसका दोबारा डिजाइन तैयार किया जा रहा है।
-ई. गोपी चंद, एसडीओ, नगर निगम सोलन