सोलन कॉलेज में सड़क सुरक्षा पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन के सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला में सड़क सुरक्षा : प्रत्येक जीवन अनमोल है विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता हुई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। इसमें विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, यातायात नियमों के पालन और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे विषयों को दर्शाया। पोस्टरों से उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने और प्रत्येक जीवन को अनमोल मानने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में बीकॉम द्वितीय वर्ष के परीक्षित ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीए द्वितीय वर्ष की मुस्कान मलिक दूसरे और बीएससी तृतीय वर्ष की आंचल शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। विजेता विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। प्राचार्य डॉ. शिवानी शर्मा के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन सड़क सुरक्षा क्लब की संयोजक डॉ. शालिनी शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्राध्यापक कात्यायनी, प्राध्यापक दीपिका और प्राध्यापक वंदना भी उपस्थित रहीं।