संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। लग पंचायत के वार्ड पंच की ओर से प्रधान पर मारपीट और पैसों के दुरुपयोग के आरोप लगाने पर पंचायत प्रधान परिषद अब प्रधान के समर्थन में आगे आई है। परिषद के अध्यक्ष पुनीत कौशल के नेतृत्व में चार दर्जन पंचायत प्रधान इस मामले में एसडीएम नालागढ़ से मिले।
इस दौरान लग पंचायत के प्रधान प्रेम सागर ने बताया कि उन पर जो भी आरोप लगाए हैं, सरासर गलत हैं। पंचायत में कुछ लोग हैं जो पंचायत में किए जा रहे विकास कार्यों की शिकायत कर बाद में उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। वार्ड पंच ने उनके घर पर आकर मारपीट की और उन पर खिलाफ झूठा मुकद्दमा दर्ज करवा दिया।
वहीं, प्रधान एसोसिएशन के अध्यक्ष पुनीत कौशल ने बताया कि लग पंचायत प्रधान के खिलाफ झूठा मुकद्दमा बनाया गया है जबकि कुछ व्यक्ति मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1100 का गलत इस्तेमाल कर विकास कार्यों में जानबूझ कर बाधा पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लग पंचायत में ही नहीं, सभी पंचायतों में ऐसे लोग हैं जो 1100 नंबर का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे विकास कार्यों में कमी आ रही है। प्रशासन ऐसे व्यक्तियों पर कार्रवाई करें ताकि विकास कार्य सुचारु रूप से चल सकें।
उधर, एसडीएम नालागढ़ ने बताया कि लग पंचायत की शिकायत मिली है। इसकी जांच चल रही है। दोनों पक्षों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी।