पंचायत चुनाव की प्रक्रिया संपन्न, जनवरी से रिक्त थे सभी पद,पंचायत सचिवों को दिया था कार्यभार
लोगों के रुके कार्य होंगे पूरे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पंचायत चुनावों की प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही अब जिले की 255 पंचायतों को नए प्रतिनिधि मिल गए हैं। इसमें प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्य चुन लिए गए हैं। जबकि पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद के परिणाम भी आज आ जाएंगे। जून के पहले सप्ताह में इनकी शपथ होने की उम्मीद है। शपथ होने के बाद तुरंत पंचायतों में रूके हुए विकास कार्याें में तेजी आएगी। जताई जा रही है कि नए जनप्रतिनिधियों के आने से रुके हुए विकास कार्य एक बार फिर गति पकड़ेंगे और आम लोगों की समस्याएं हल होंगी। कई महीनों से रिक्त चल रहे पदों पर चुनाव होने से प्रशासनिक व्यवस्था भी पटरी पर लौटेगी। इससे पहले 31 जनवरी को पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त हो गया था। पंचायतों में कोई भी विकास कार्य नहीं हो पा रहे थे। पंचायत सचिवों को पॉवर दी गई थी, मगर वह केवल प्रमाणपत्र ही बना रहे थे। नए प्रतिनिधि अब पंचायतों में रूके हुए कार्याें में तेजी लाने के साथ ही नए विकास कार्यों को भी प्राथमिकता देंगे।
पंचायतों में विकास कार्याें को मिलेगी तेजी
चुनावों संपन्न होने के बाद अब पंचायतों में सड़कों का निर्माण, टैंकों का निर्माण, रास्ते बनाने समेत अन्य सभी विकास कार्याें में तेजी आएगी। इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों के जरिए लोग विकास कार्य भी पंचायतों में करवा सकेंगे। कई स्थानों पर पुरानी पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से तीन महीनों से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य ठप पड़े थे। नए जनप्रतिनिधियों के शपथ लेने के साथ ही इन रुके हुए कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे गांवों के विकास के पटरी पर लौटने की उम्मीद है।
प्रशासनिक और वित्तीय चुनौतियां
पंचायत चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने से पहले, कई जगहों पर प्रशासनिक कार्य पंचायत सचिवों के माध्यम से ही चलाए जा रहे थे, जिससे कई दिक्कतें आ रही थीं। उन्हें बजट भी नहीं मिल पा रहा था और जो कार्य चल रहे थे वह भी लगभग ठप हो गए थे। नए प्रतिनिधियों के आने से निर्णय लेने की प्रक्रिया सुगम होगी और विकास कार्यों के लिए वित्तीय आवंटन में भी तेजी आएगी।